Jaunpur News : डीएम ने मड़ियाहूं तहसील का किया निरीक्षण, दिया निर्देश

मड़ियाहूं, जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने स्थानीय तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित सभी न्यायालयों एवं कार्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आपूर्ति कार्यालय, नजारत, संग्रह अनुभाग, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों, रजिस्टरों एवं पत्रावलियों का गहन अवलोकन किया। एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित एवं संचालित वादों से संबंधित पत्रावलियों का निरीक्षण किया तथा न्यायालयों में वादों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से संधारित किये जायं तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा निर्देश दिया कि तहसील परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। तहसील परिसर में आने वाले लोगों को परिसर में साफ सफाई बनाए रखने हेतु जागरूक भी किया जाय। आमजन को कार्यालयों में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाय। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि न्यायालयों के सुचारु संचालन एवं वादों के समयबद्ध निस्तारण में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अधिवक्ता संघ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वादों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाय जिससे आम जनमानस को शीघ्र न्याय का लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप जनता को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार सहित तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم