Trending

Jaunpur News : घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाने का विरोध, नरहन मेहंदी ताल के लोगों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Technical Team


केराकत, जौनपुर। तहसील क्षेत्र के मोहल्ला नरहन मेहंदी ताल में घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में निवासियों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) केराकत को प्रार्थना पत्र सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रमोद सेठ नामक व्यक्ति अपने खाली भूखंड पर मोबाइल टावर स्थापित करवा रहे हैं, जो एक घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। इससे आसपास रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल बन गया है।

निवासियों ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे मानसिक और शारीरिक समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

लोगों ने एसडीएम से मांग की है कि केराकत कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजकर टावर के निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया जाए। साथ ही उन्होंने अनुरोध किया है कि टावर को किसी घनी आबादी वाले क्षेत्र के बजाय सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने का निर्देश दिया जाए।

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!