Jaunpur News : कला, संस्कृति एवं संस्कारों का संगम बना संस्कार भारती का समापन समारोह

तमाम प्रतिभागियों ने प्रस्तुत कीं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जौनपुर। संस्कार भारती जौनपुर द्वारा आयोजित 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कार्यशाला का समापन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। बच्चों को चित्रकला, कथक, लोक गीत, नाट्य कला एवं कंटेम्प्रेरी डांस का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं नटराज प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह, संस्था संरक्षक रविन्द्र नाथ जी, काशी प्रांत महामंत्री सुजीत जी, काशी प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ऋषि श्रीवास्तव, संस्थाध्यक्ष डॉ. ज्योति दास एवं संस्था महामंत्री अमित अंशु ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात संस्था सदस्यों ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रशिक्षक कलाविद रविकांत जायसवाल एवं नवीन विश्वकर्मा ने बच्चों को वाटर कलर, पोस्टर कलर, एक्रिलिक कलर, स्टिल लाइफ एवं आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिया। समापन समारोह में प्रतिभागियों द्वारा बनाये गये चित्रों एवं क्राफ्ट की आकर्षक प्रदर्शनी लगायी गयी जिसकी अतिथियों एवं अभिभावकों ने मुक्त कंठ से सराहना किया। लोक गीत प्रशिक्षक ज्योति सिन्हा सहित उनके प्रशिक्षुओं ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दिया। कंटेम्प्रेरी डांस के प्रशिक्षक श्याम राव ने प्रशिक्षित बच्चों ने “मां की ममता” एवं “भूत मंडली” नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नाट्य प्रशिक्षण के प्रशिक्षक अवधेश श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रशिक्षुओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कथक प्रशिक्षण के अन्तर्गत प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना, तिहाई ताल, हस्तक, नमस्कार, तोड़ा, सादा तोड़ा, चक्करदार तोड़ा, चक्करदार तिहाई, गद्यांश, “ऐ गिरिनंदिनी”, “महिषासुर मर्दिनी” तथा महाभारत के द्रौपदी चीरहरण प्रसंग का प्रभावशाली मंचन प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में तबले पर अवधेश यादव एवं हारमोनियम पर शिवा जी ने अपनी उत्कृष्ट संगत से कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (भू एवं राजस्व) अजय अम्बष्ट ने कहा कि वर्तमान में बच्चों का अधिकांश समय मोबाइल पर व्यतीत हो रहा है। ऐसे में इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। संस्कार भारती द्वारा किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. क्षितिज शर्मा एवं डॉ. आलोक यादव ने संस्कार भारती द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली ग्रीष्मकालीन कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अशोक सिंह ने संस्था एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के इस महायज्ञ में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्कार भारती भारतीय संस्कृति, कला एवं संस्कारों के संरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
समापन अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. क्षितिज शर्मा, डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। पर्यावरण विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किये गये। साथ ही कार्यशाला में योगदान देने वाले सभी प्रशिक्षकों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आलोक रंजन सिन्हा एवं मयंक नारायण ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ. गोपाल मिश्र (सदस्य संगीत नाटक अकादमी), मनीष गुप्ता, नीलम सिंह, प्रदीप सिंह, जितेन्द्र यादव, डॉ. ब्रम्हेश शुक्ला, सत्येन्द्र अग्रहरि, बालकृष्ण साहू, अरुण केशरी, राजकमल शिवाको, डॉ. सूरज जायसवाल, राजेश अग्रहरि, डॉ. बृजेश कन्नौजिया, आशीष साहू, अतुल सिंह, ज्योति मिथिलेश श्रीवास्तव, सोनम अग्रहरि, ज्योति ऋषि श्रीवास्तव, संतोष अग्रहरि, मनीष श्रीवास्तव, विष्णु गौड़, रोहित रेमो, राज केशरी, योगेंद्र प्रताप सिंह, गणतंत्र श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता, राजेश किशोर, अजय गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, नरेंद्र पाठक, सुषमा गुप्ता, आशीष जायसवाल सहित तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। अन्त में संस्कार भारती के महामंत्री अमित अंशु ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं सहभागियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post