जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में बैठक हुई जहां उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जनपद में भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम जनपद के ऐतिहासिक शाही किले में आयोजित किया जाएगा। साथ ही समस्त विकास खंडों, थाना परिसरों, अमृत सरोवरों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर भी योग कार्यक्रम किये जायेंगे।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि योग दिवस को उत्सव एवं त्यौहार के रूप में मनाया जाए। कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, विद्युत, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था समय से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई एवं चुना छिड़काव कराया जाय। निर्देश दिया कि आयुष कवच पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही 15 जून से 21 जून तक योग से संबंधित विशेष गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम है। योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में कार्यक्रम की रूप—रेखा, विभागवार दायित्वों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जन आंदोलन का रूप देने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिला कारागार एवं एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के साथ विशेष योग सत्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समाज में समानता एवं सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।
बैठक में उपस्थित सभी योग प्रशिक्षकों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशानुरूप अधिकाधिक लोगों को योग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। योग दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यालयों में योग विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित कराने के भी निर्देश दिये गये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, सिविल डिफेंस से डॉ० मनोज वत्स, योग ट्रेनर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment