जफराबाद, जौनपुर। सिरकोनी विकास खण्ड के सुरहुरपुर गांव में एक अस्थायी गौशाला बना हुआ है। उस गोशाले का संचालन एक एनजीओ केयर करता है। उस गोशाले पर अराजक तत्व अक्सर रात्रि में आकर मारपीट और गाली गलौज करते हैं। अभी पिछले साल 10 मई 2025 को कुछ अराजक तत्वों ने गौशाले पर आकर केयर टेकर बबऊ सरोज के साथ मारपीट की थी जिसकी सूचना उच्चाधिकारियों के साथ स्थानीय थाने पर भी दी गई थी। साथ ही बीते 14 जून को गौशाले के चौकीदार चक बहादुर उर्फ भुवर सरोज की हत्या हो गई। यहां केयरटेकर डर के साये में जीता है। जब गोशाले में अनियमतताओं के बारे में मिल रही शिकायतों के बारे में ग्राम पंचायत अधिकारी राम आसरे मौर्य से पशुओं के चारा पानी तथा रख—रखाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यहां पशुओं को किसी चीज की कमी नहीं है। मैं गोशाले पर बराबर निरीक्षण करता हूं। यहां पशुओं को चारे के साथ चुनी तथा पशु आहार भी दिया जाता है। पशुओं की देख—रेख का पूरा ख्याल रखा जाता है। डॉक्टर भी समय-समय पर आकर उपचार करते रहते हैं। एक पशु इस समय बीमार है जिसका उपचार चल रहा है। सचिव ने यह भी बताया कि यहां मारपीट की घटना कई बार हो चुकी है जिससे गौशाले के कर्मचारी भयभीत रहते हैं जो कार्य करने से मना भी करते हैं। प्रशासन को संज्ञान लेते हुए उसे पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे डर का माहौल खत्म हो। वहीं थानाध्यक्ष जलालपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि इस तरह का कोई तहरीर अभी तक हमको नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलेगी तो जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
Jaunpur News : सुरहुरपुर गौशाले पर अक्सर मारपीट करते हैं अराजक तत्व
June 15, 2026
