जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने बुधवार को थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में परिजनों की सहमति से विवाह कर अपने रिश्ते को नया नाम दिया। विवाह समारोह में दोनों पक्षों के दर्जनों परिजन और शुभचिंतक मौजूद रहे, जिन्होंने नवदंपती को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
जानकारी के अनुसार, जंगीपुर गांव निवासी विकास बिंद और सुल्तानपुर जनपद के चिरानीपट्टी कटघरा गांव की रजनी बिंद के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। रजनी अपने ननिहाल जंगीपुर आई थीं, जहां उनकी मुलाकात विकास से हुई। बाद में दोनों ने सुल्तानपुर जिले के बारी सहजन स्थित एक ही कॉलेज में प्रवेश लिया, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका प्रेम संबंध गहरा होता गया।
जब परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों को समझाने और अलग करने का प्रयास किया। बावजूद इसके, विकास और रजनी विवाह करने के अपने निर्णय पर अडिग रहे। मामला थाने तक पहुंचा, जहां कई दौर की पंचायत और समझौता वार्ताएं आयोजित की गईं।
अंततः दोनों की दृढ़ इच्छा और सहमति को देखते हुए परिवारों ने विवाह के लिए अपनी मंजूरी दे दी। इसके बाद बुधवार को थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
विवाह के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

إرسال تعليق