Trending

Jaunpur News : बीज खरीदने जा रहे किसान को ट्रैक्टर ने रौंदा, हुई मौत

Hindi News

मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मड़ियाहूं-जलालपुर मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रैक्टर समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार चितवार गांव निवासी राजेश पटेल (42) बुधवार सुबह साइकिल से मड़ियाहूं बाजार बीज खरीदने जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे वह गांव के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि किसान सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गये जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर व चालक को कब्जे में ले लिया। इस बाबत पूछे जाने पर थाना प्रभारी कविंद्र राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री मधु तथा दो बेटे रूपेश और मुकेश को छोड़ गए हैं। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!