जौनपुर। भारतीय मानव समाज पार्टी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी तथा गाजीपुर में कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि 1 मई 2026 को जौनपुर में बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हत्या कर दी गई थी। घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
संगठन ने गाजीपुर में कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर पर भी सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने पुलिस कार्रवाई तथा मुठभेड़ की परिस्थितियों पर संदेह व्यक्त किया है। उनका तर्क है कि संविधान में आत्मसमर्पण और निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया की व्यवस्था होने के बावजूद ऐसी घटनाएं कई सवाल खड़े करती हैं।
भारतीय मानव समाज पार्टी ने अपनी प्रमुख मांगों में आजाद बिंद हत्याकांड के सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा कमलेश बिंद एनकाउंटर प्रकरण की केंद्रीय एजेंसी (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग शामिल की है।
इसके अलावा पार्टी ने दोनों मामलों से जुड़े पीड़ित परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने और उचित आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। संगठन ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

إرسال تعليق