शाहगंज, जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण, छेड़खानी एवं पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शाहगंज क्षेत्र के सुरीश समधीपुर गांव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को गांव के ही युवक ने अश्लील वीडियो दिखाकर प्रेमजाल में फंसा लिया तथा बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया। परिजनों के दबाव के बाद आरोपी युवती को कानपुर स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के मोबाइल में आरोपी के साथ हुई बातचीत एवं अश्लील सामग्री के साक्ष्य भी मौजूद बताए गए हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी स्कूल आते-जाते समय नाबालिग से छेड़खानी करता था तथा धमकी देकर उसे मोबाइल फोन दिया था।
मामले में थाना शाहगंज पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 7:55 बजे उपनिरीक्षक अजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर रोड स्थित मलहज मोड़ से वांछित आरोपी अमन यादव पुत्र राम अचल यादव निवासी सुरीश समधीपुर थाना शाहगंज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय सिंह एवं कांस्टेबल पप्पू कुमार गौड़ शामिल रहे।
