Jaunpur News : सर्राफा व्यापारियों, होटल व पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ शाहगंज पुलिस ने की बैठक

शाहगंज, जौनपुर। कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्थानीय कोतवाली परिसर में शाहगंज पुलिस द्वारा क्षेत्र के प्रमुख व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों के साथ बैठक की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी शाहगंज ने किया जहां प्रभारी निरीक्षक शाहगंज भी उपस्थित रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के समस्त सर्राफा व्यवसायी, ग्राहक सेवा केंद्र संचालक, होटल प्रबंधक, पेट्रोल पंप संचालक सहित अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील किया।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखने, नकदी लेन-देन में सावधानी बरतने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। बैठक में उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेश-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान व्यापारियों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में पुलिस अधिकारयों के साथ जय कुमार, मनोज जायसवाल, प्रेम नारायण जायसवाल, राजेश जायसवाल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم