Jaunpur News : स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार छात्र की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम


सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बसौली गांव के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुलतानपुर जनपद के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कैथवारा गांव निवासी राज गौड़ (19) पुत्र श्रीनाथ गौड़ अपाची बाइक से खुटहन क्षेत्र के पिलकिछा स्थित अपने ननिहाल गया था। वापस लौटते समय बसौली गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कार्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची सरपतहां पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। मृतक राज गौड़ इंटरमीडिएट (12वीं) का छात्र था। वह 3 भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दोनों बड़े भाई पिता के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां उर्मिला गौड़ का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم