जौनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-233 (NH-233) के निर्माण कार्य के चलते ग्रामसभा रामदेवपुर और आसपास के हजारों ग्रामीणों का मुख्य मार्ग बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। इस समस्या को गंभीर बताते हुए मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सपा सांसद प्रिया सरोज ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने सार्वजनिक मार्ग को सुरक्षित रखने और ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक रास्ता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि डोभी रेलवे स्टेशन के दक्षिण में स्थित गाटा संख्या-300 एक राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक मार्ग है, जिस पर पहले से पक्की सड़क बनी हुई है। लेकिन NH-233 पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण के कारण यह रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति में पहुंच गया है, जिससे मुकरीपुर, रायपुर, डोभी, हरिहरपुर और रामदेवपुर सहित दर्जनभर गांवों के करीब 14 से 15 हजार लोगों का रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग अस्पताल, स्कूल, बाजार और मंडियों के लिए जीवनरेखा है, और इसके बंद होने से बड़ी आबादी की दैनिक गतिविधियां ठप हो जाएंगी। सांसद ने संविधान के अनुच्छेद-21 का हवाला देते हुए सर्विस रोड के निर्माण की मांग की है, ताकि जनहित में आवागमन सुचारू बना रहे।

