Trending

Jaunpur News : सांकेतिक बोर्ड न होने से अन्धे मोड़ पर पलटी स्कॉर्पियो, चालक समेत 3 घायल

Naya Savera Network
जमुहाई गांव के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर निकाला बाहर

सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के जमुहाई गांव के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के मुक्तिगंज निवासी राजकमल गौतम अपनी निजी स्कॉर्पियो से जौनपुर जिले के मल्हनी क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार रात वापस घर लौटते समय सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुहाई गांव के पास सड़क पर बने अंधे मोड़ पर उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त स्थान पर अंधा मोड़ होने के बावजूद कोई सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाया गया है। रात के समय वाहन चालकों को मोड़ का सही अनुमान नहीं लग पाता जिसके कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसे की आवाज सुनकर आस—पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद वाहन का शीशा तोड़कर चालक राजकमल गौतम समेत अन्य घायलों को बाहर निकाला। सभी को मामूली चोटें आईं जिनका उपचार स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां कराया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गये और उपचार के बाद सभी को अपने साथ घर ले गये।

ग्रामीणों ने उठायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुहाई गांव के पास स्थित यह अंधा मोड़ दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। यहां न कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाया गया है।  इसी कारण आए दिन घटनाएं होती रहती हैं। ग्राम प्रधान विनोद राजभर ने कहा कि इसके लिए कई बार हम लोक निर्माण विभाग को सूचना दिए थे लेकिन इसके बाद भी सांकेतिक बोर्ड या स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया जिससे घटनाएं लगातार हो रही हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!