Jaunpur News : आंधी में दिवाल गिरने से मासूम सहित 3 लोग मलबे में दबे

घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र सुल्तानपुर गांव में गुरूवार को तड़के उस समय हड़कम्प मच गया जब तीव्र गति से आये आंधी—तूफान से गिरे मलबे में दबने से एक बच्ची सहित कई लोग घायल हो गये। सभी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार को भोर में लगभग साढ़े 3 बजे आयी तेज आंधी—तूफान पर घर के बाहर सोये जगदीश यादव की नींद टूट गयी। वह परिवार के सभी सदस्यों को बरामदा में सोने की बात कहकर स्वयं पेशाब करने चले गये। इधर उनके घर के बगल के निवासी जगधारी यादव के पक्के मकान की दीवाल जगदीश के मकान पर गिर गयी। ऐसे में जगदीश के बरामदा का पूरा हिस्सा नीचे सोने की तैयारी कर रहे लोगों पर गिर गया जिसको देख परिवार सहित अगल—बगल अफरा—तफरी मच गयी। शोर सुनकर जुटे लोगों ने आनन—फानन में मलबे को हटाकर इस हादसे में घायल जगदीश यादव की 40 वर्षीया पत्नी रेखा देवी, 18 वर्षीय पुत्री प्रिया एवं 2 वर्षीय मासूम बच्चे को बाहर निकले। साथ ही पुलिस एवं एम्बुलेंस को सूचना दी गयी जिस पर पहुंची पुलिस ने सभी को घायलों को उपचार हेतु स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा जहां से जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक सभी का उपचार चल रहा था।

हादसे ने शादी के माहौल को बिगाड़ा, अहेतुक सहायता की मांग
बता दें कि जगदीश यादव के घर आगामी 19 जून को शादी कार्यक्रम है जिसके चलते इस समय कई रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा है। उनका परिवार मध्यम वर्गीय से भी नीचे हैं जिसके चलते इस हादसे ने जहां शादी जैसे पवित्र एवं बड़े कार्यक्रम में रोड़ा का काम किया है, वहींं आर्थिक संकट की भी स्थिति उत्पन्न हो गयी है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुये उक्त परिवार के लिये अहेतुक सहायता दिलाने की मांग किया है।


0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم