जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बगेरवा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से हुआ। जानकारी के अनुसार, मराड़ गांव निवासी हरिश्चंद्र विश्वकर्मा के पुत्र दीपक (35) अपने छोटे भाई आकाश (22) और पांच वर्षीय बेटे शिवांश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वे केराकत क्षेत्र के मुरारे स्थित ननिहाल से 7 मई को होने वाली शादी की मेहंदी रस्म में शामिल होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान नारेपार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मासूम शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया है।
टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और प्रभु यादव के घर के बाहर चारपाई पर बैठे दो चचेरे भाइयों अखिलेश (25) और राहुल (23) को भी रौंदते हुए दीवार से जा टकराई। दोनों युवक अपनी होने वाली शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत कर रहे थे। इस हादसे में वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद बोलेरो में सवार लोग चालक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। शिवांश और राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बोलेरो और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक दीपक की पत्नी विजेता विश्वकर्मा, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के पिता हरिश्चंद्र की तहरीर पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


إرسال تعليق