Trending

Jaunpur News : जौनपुर में दर्दनाक हादसा: खंभा गिरने से बी फार्मा छात्र की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

Technical Team

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिद्दीकपुर-जमुहाई मार्ग पर भकुरा गांव के पास एक अनियंत्रित इनोवा कार की टक्कर से बिजली का खंभा टूटकर सड़क किनारे सो रहे बी फार्मा छात्र पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सनी राजभर के रूप में हुई है, जो जपटापुर गांव का निवासी था। सनी इस समय भकुरा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात वह अपने घर के सामने दरवाजे पर सो रहा था। रात के समय तेज रफ्तार इनोवा कार ने नियंत्रण खोते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा टूटकर सीधे सनी के सिर पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सिद्दीकपुर-जमुहाई मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!