Trending

Jaunpur News : मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, पुलिस ने तमंचा व बाइक के साथ किया गिरफ्तार

Technical Team
हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित था आरोपी, एक साथी मौके से फरार
जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोइरिडीहा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर मोड़ लेते समय बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों गिर पड़े। बताया गया कि बदमाशों ने पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसके बाद एक बदमाश घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि दूसरा भाग निकला।
घायल बदमाश की पहचान कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव निवासी छबिलेपुर, थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर अपराध करता है। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। उसके खिलाफ थाना सरायख्वाजा में धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!