Trending

Jaunpur News : आंबेडकर प्रतिमा का अपमान, ग्रामीणों में आक्रोश

Technical Team
 

बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गहली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ अपमानजनक कृत्य का मामला सामने आने पर मंगलवार को गांव में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि प्रतिमा पर पान-गुटका थूकने, चेहरे पर मिट्टी पोतने जैसे कृत्यों की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सुबह घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध जताने लगे। आक्रोशित लोगों ने दोषियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ने से स्थिति संवेदनशील हो गई। सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस ने लोगो को घण्टो तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग आरोपियों की तत्काल पहचान और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा सर्किल के तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शन कर रहे लोगों का आक्रोश शांत हुआ। एहतियातन के तौर पर गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। इस संबंध में गांव निवासी कंसराज, बिपिन, चंदन, बालाजी, नागेंद्र, राहुल व राजबली ने संयुक्त रूप से अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी है। तहरीर में आशंका जताई गई है कि सोमवार रात गांव में आई एक बारात से जुड़े कुछ लोगों द्वारा यह कृत्य किया गया हो सकता है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!