Trending

Jaunpur News : लाखों की लागत से बना शौचालय बदहाल, सुविधाएं नदारद

Technical Team

बासुपुर पंचायत में खेल मैदान और ओपन जिम भी सिर्फ कागजों में, ग्रामीणों में आक्रोश

सुरेरी /जौनपुर. के रामपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बासुपुर में लाखों रुपये की लागत से बना सामुदायिक शौचालय बदहाल स्थिति में पड़ा है। यहां न पानी की व्यवस्था है, न बिजली और न ही दरवाजे मौजूद हैं, जिससे इसका उपयोग संभव नहीं है। शौचालय परिसर में चारों ओर झाड़ियां और घास उग आई हैं, जिससे वहां तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। मुख्य प्रवेश द्वार गायब है और अंदर महिला व पुरुष दोनों अनुभागों के दरवाजे टूट चुके हैं। इसके अलावा पानी की टंकी, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं भी नहीं हैं। अंदर लगे कमोड भी टूटे पड़े हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के बाद से शौचालय का कभी उपयोग नहीं हुआ और इसे केवल कागजों में ही संचालित दिखाया गया है। परिसर से तेज दुर्गंध आने के कारण किसी मृत जानवर के होने की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में खेल मैदान और ओपन जिम की सुविधा भी केवल कागजों में ही मौजूद है। इन मदों में बजट खर्च होने के बावजूद जमीन पर कोई कार्य नहीं दिख रहा है, जिससे सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं।

शौचालय पर अंकित ग्राम पंचायत अधिकारी, वीडीओ और प्रधान से जुड़ी जानकारी भी समय के साथ मिट चुकी है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और सभी सुविधाओं को जल्द विकसित कराने की मांग की है। इस संबंध में एडीओ अवध नारायण ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। वहीं, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज ने बताया कि खेल मैदान और ओपन जिम का निर्माण भूमि उपलब्धता और प्रस्ताव की स्वीकृति पर निर्भर करता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!