Trending

Jaunpur News : मीरगंज–पवारा पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी घायल, तमंचा व बाइक बरामद

Technical Team
जौनपुर। थाना मीरगंज और थाना पवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष मीरगंज और पवारा की संयुक्त टीम कुंवरपुर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक अपराधी अवैध हथियार के साथ इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान चितांव की तरफ से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में गिर पड़ा। पकड़े जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसकी पहचान मो0 उमर पुत्र सुहेल अहमद निवासी ग्राम चोरसण्ड, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त के पास से 0.315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी मछलीशहर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!