Trending

Jaunpur News : जमीनी विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

Naya Savera Network
3 नामजद समेत दर्जनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के देनुआ गांव में आबादी की जमीन को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 3 नामजद समेत 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हुए थे।
प्रान्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी रमेश चन्द्र श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि गांव के कुछ पट्टीदारों से आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 11 मई की सुबह करीब 10 बजे विपक्षी पक्ष दर्जनों लोगों के साथ उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंच गया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा, फावड़ा आदि से हमला कर दिया गया।
मारपीट में रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, उनके भाई राकेश चन्द्र श्रीवास्तव समेत परिवार की महिलाएं दुर्गा देवी, कीर्ति तथा बच्चे सगुना, सौम्या, परी और पीहू घायल हो गए। आरोपियों ने घर के बाहर लगे सीमेंट के करकट को तोड़ दिया तथा दरवाजे पर बंधे मवेशियों को भी पीटकर घायल कर दिया। साथ ही मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के दौरान परिवार के लोग जान बचाने के लिए घर के अंदर छिप गए और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गये।
पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर न तो तहरीर ली गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद कार्रवाई हुई। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपितों तथा 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!