जौनपुर। साथी के निलम्बन की बहाली एवं वेतन न मिलने के बाबत जनपद के विभिन्न ब्लाकों से जुटे ग्राम विकास एवं पंचायत अधिकारी उस समय मायूस हो गये जब लगभग 2 घण्टे प्रतीक्षा करवाने के बाद जिलाधिकारी यह कहकर चले गये कि एक घटना के बाबत वहां जा रहा हूं। इसको लेकर उपस्थित सचिवों में जबर्दस्त आक्रोश व्याप्त हो गया जिस पर सभी ने एक स्वर में कहा कि उपरोक्त मांगों सहित अपमान को लेकर सड़क से संसद तक आन्दोलन किया जायेगा।
इस मौके पर मौजूद ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि फूलचन्द्र कन्नौजिया जिलाध्यक्ष ग्राम विकास अधिकारी संघ को निलम्बित कर दिया गया है जो मुफ्तीगंज विकास खण्ड में सहायक विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। गत दिवस जनपद के नवागत जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान श्री कन्नौजिया को निलम्बित कर दिया है जो गलत किया गया है। साथी के निलम्बन की बहाली एवं वेतन को लेकर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पूरे जिले से तमाम ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। एक प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी बात रखने की बात कही तो डीएम के पीआरओ ने यह कहते हुये उन्हें रोक दिया कि साहब के पास कुछ अतिथि आये हैं। कृपया अभी प्रतीक्षा करें। लगभग दो घण्टे बाद जिलाधिकारी ने अपने आफिस से बाहर निकलते समय सचिवों से अपनी व्यस्तता बताते हुये चले गये। साथ ही कहा कि कल यानी 22 मई को दोपहर में मुलाकात होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि लगभग 2 घण्टे प्रतीक्षा करने के बाद बिना हम लोगों की बात सुने जिलाधिकारी द्वारा कल के लिये समय दिया जाना गलत है। वहीं इसको लेकर सचिवों में आक्रोश व्याप्त हो गया जिन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्यों के लिये हम सभी कार्य करते हैं जिससे विकास का पहिया चलता है। आज 2 घण्टे तक प्रतीक्षा कराने के पश्चात भी जिलाधिकारी हमारी पीड़ा को बिना सुने हम सभी को नजरअंदाज करते चले गये जो गलत है।
उन्होंने यह भी बताया कि आज मई माह की 21 तारीख होने के बावजूद अभी तक उनकी तनख्वाह नहीं मिली है। इसी को लेकर सभी सचिव जिलाधिकारी से मिलने आये थे परन्तु बात नहीं सुनी गयी। साथ ही 22 मई को मिलने की बात की गयी है। श्री सिंह ने चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हम सभी सड़क से संसद तक लोकतांत्रिक आन्दोलन करने पर बाध्य होगे। इतना ही नहीं, अपने कार्यों को रोक भी देंगे। इस अवसर पर प्रदीप सिंह के अलावा फूलचन्द्र कन्नौजिया, राजकुमार पाण्डेय, सौरभ सिंह, इन्द्रजीत पाल, नवीन यादव, आकाश सिंह, अनूप सिंह, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, विनोद सरोज, रामपाल सिंह, कृष्ण कुमार मिश्रा, अजय रजक, रणजीत सिंह, अखिलेश सरोज, धीरेन्द्र सरोज, प्रदीप शंकर श्रीवास्तव सहित तमाम एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत, विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।

إرسال تعليق