जौनपुर। जनपद में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम रही Community participation Dengue Control: check, clean, and cover (डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारीः जांच करें, सफाई करें और ढकें) डेंगू दिवस मनाये जाने का मुख्य उद्देश्य है कि जनमानस को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव आदि के प्रति जागरूक किया जाय। इसके वाहक मच्छरों के रोकथाम, प्रभावित लोगों के जांच उपचार में सहयोग के प्रति जनभागीदारी बढ़ाई जाय। इसके जांच उपचार के प्रति लोगों को संवेदीकृत किया जाय, ताकि समय से लोग जांच उपचार प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास विभाग आदि द्वारा डेंगू जागरूकता संबंधित विभिन्न स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला मलेरिया अधिकारी सुनील यादव के नेतृत्व में टीबी चिकित्सालय परिसर में जनसमुदाय एवं स्टाफ के साथ डेंगू जागरूकता गोष्ठी, शपथ, स्लोगन वाचन, पोस्टर पेस्टिंग आदि कार्यक्रम सम्पादित हुये। अगली कड़ी में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र करंजाकला में प्रशिक्षु एएनएम को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव, जांच, उपचार, बीमारी प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षण देकर डेंगू रोक थाम हेतु शपथ दिलाई गई। उसी के अगली कड़ी में पीएचसी करंजाकला में अधीक्षक डा. एसके जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सक, स्टाफ के साथ डेंगू संवेदीकरण विचार गोष्ठी, पोस्टर बैनर प्रदर्शन के माध्यम डेंगू जागरूकता संदेश दिया गया। इसी के साथ अन्य स्वास्थ्य केंद्रों जैसे डोभी, धर्मापुर, महराजगंज, खुटहन, सिकरारा, सोंधी आदि में भी जागरूकता गोष्ठी, शपथ आदि कार्यक्रम किया।
अर्बन जौनपुर में विभिन्न मोहल्लों जैसे बड़ी मस्जिद रोजार्जन, नई बाजार नईगंज, जोगियापुर, मतापुर में मलेरिया फाइलेरिया स्टाफ द्वारा जनजागरूकता गोष्ठी, पोस्टर प्रदर्शन, एंटीलार्वल स्प्रे, एंटोमोलॉजिकल सर्वे, सोर्स रिडक्शन, प्रचार प्रसार आदि का कार्य किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों जैसे लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज, भौंरा केराकत, श्री भागवत इंटर कॉलेज अमिहित केराकत, श्री गणेश इंटर कॉलेज, बटाऊवीर, राजकीय इंटर कॉलेज बदलापुर खुर्द, जीजीआईसी मछलीशहर, जीएचएस हरईपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतरगांवा धर्मापुर आदि में छात्र छात्राओं के बीच डेंगू जागरूकता गोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता, शपथ, वीडियो संदेश प्रसारण, ब्लैकबोर्ड लेखन आदि गतिविधियां संपादित कराई गईं।
जौनपुर डेंगू रोग के प्रति एक संवेदनशील जनपद है यहां पर 2022 में 1160 डेंगू केस, 2023 में 868 केस, 2024 में 625 केस, 2025 में 125 केस , 2026 में अब तक दो केस रिपोर्ट हुए हैं। जनपद के समस्त सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज में डेंगू के जांच, उपचार, भर्ती की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय में एलिजा जांच मशीन, किट, ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन आदि व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील यादव ने बताया कि जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां। हर रविवार, मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार, खत्म करेंगे डेंगू मच्छर और बुखार। साफ सफाई अपनाओ, जलजमाव हटाओ, डेंगू का खतरा दूर भगाओ। जनपद जौनपुर ने ठाना है, डेंगू को जड़ से मिटाना है।

إرسال تعليق