Jaunpur News : शादी से लौट रहे हलवाई की सड़क हादसे में मौत, बोलेरो चालक फरार


जौनपुर के क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे एक हलवाई की तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सरपतहां थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव के पास हुआ। टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए खाई में पलट गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामदवर मौर्य के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुर जिले के कादीपुर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने गए थे। देर रात काम समाप्त होने के बाद वह अपने साथी के साथ मोपेड से घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिपरौल गांव के पास रामदवर सड़क किनारे मोपेड के सहारे खड़े थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। गंभीर रूप से घायल रामदवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। मृतक के बेटे सुनील मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।


0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم