जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र में सिंगरामऊ और मछलीगांव विद्युत उपकेंद्र से जुड़े आधा दर्जन फीडरों की बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार रात करीब पांच घंटे तक ठप रही। इससे 50 से अधिक गांवों के लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:45 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जो देर रात लगभग ढाई बजे बहाल हो सकी। बिजली कटौती के कारण सिंगरामऊ, कुशहा, फत्तूपुर, रतासी, नौरंगाबाद, लग्गूपुर, जगजीवनपट्टी, वीरपालपुर, मदापुर, लखनेपुर, पहितियापुर, बहरा, रामपुर और भूला तियरा समेत आसपास के गांवों में अंधेरा छा गया।
रातभर बिजली न रहने से लोगों को गर्मी और उमस से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की।
इस संबंध में सिंगरामऊ विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ शोएब अंसारी ने बताया कि 33 हजार की मुख्य लाइन में खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

إرسال تعليق