रामपुर में पुआल के ढेर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू | Sanchar Setu

अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत आशानन्दपुर (सेमुही) गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत के पास रखे पुआल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे आस—पास के लोगों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अनिल सिंह का काफी मात्रा में पुआल खेत के किनारे रखा हुआ था। सोमवार अज्ञात कारणों से उसमें अचानक आग लग गई। तेज हवा और सूखे पुआल के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही समय में आग ने सारे ढेरी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुआल की मात्रा अधिक होने के कारण आग बुझाने में काफी समय लग गया। इस घटना में भारी मात्रा में पुआल जलकर राख हो गया जिससे संबंधित व्यक्ति को आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे अज्ञात कारणों से लगी आग माना जा रहा है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post