जौनपुर। मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा जनसुनवाई के दौरान आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है। इसी क्रम में एक सप्ताह पूर्व जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष तहसील मडियाहूं अंतर्गत विकास खंड बरसठी के ग्राम भदराव निवासी स्व0 मुलायम बनवासी के गेहूं मडाई के दौरान हाथ में बंधा रक्षा धागा थ्रेशर मशीन में फंसने से मृत्यु का प्रकरण संज्ञान में आया। उस दौरान जिलाधिकारी ने मृतक के परिवारजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक की पत्नी पूजा को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने इस मार्मिक घटना की जानकारी होने पर तत्काल उपजिलाधिकारी मड़ियाहॅू सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। साथ ही अतिशीघ्र मृतक के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति के दृष्टिगत आज जनसुनवाई के दौरान मात्र एक सप्ताह के भीतर ही जिलाधिकारी द्वारा मृतक मुलायम की पत्नी पूजा को कृषक दुर्घटना बीमा योजना अंतर्गत रु0 5 लाख की सहायता राशि, आवास आवंटन स्वीकृति प्रमाण-पत्र, कृषि पट्टा का स्वीकृति प्रमाण-पत्र, निराश्रित महिला पेंशन योजना का स्वीकृति प्रमाण पत्र, तथा अंत्योदय राशन कार्ड प्रदान किया गया। पारिवारिक लाभ योजना हेतु आवेदन कराया गया तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया गया। साथ ही परिवारजन को सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं, राष्ट्रीय परिवारिक आय योजना, बच्चों की शिक्षा हेतु बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं से आच्छादित करने हेतु पात्रता की जांच एवं सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस प्रकार के प्रकरण में मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारजन को तत्काल शासन की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा पात्रता की जांच करते हुए योजनाओं के लाभ से भी आच्छादित किया जाय। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर पीड़ित परिवार को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाय। इस दौरान परिजन ने भावुक होकर कहा कि घटना के पश्चात अभी हाल ही में ईश्वर की कृपा से मृतक की पत्नी को पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जहां परिवार एक अपूरणीय क्षति से गुजर रहा है, वहीं नवजात शिशु का आगमन आपके जीवन में आशा की एक नई किरण लेकर आया है।

إرسال تعليق