Jaunpur News : केवाईसी-ओटीपी के झंझट में फंसे उपभोक्ताओं को गैस सिलेण्डर के लिये लगानी पड़ रही लाइन

  

शाहगंज, जौनपुर। आज के डिजिटल युग में भी सप्ताह भर पहले से बुक किए गैस सिलेंडर, उपभोक्ताओं के घर तक नहीं पहुंच रहे हैं। उपभोक्ता जब थक हार के गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पर जाता है तो उसे टोकन देने की व्यवस्था न होने के चलते घंटा भर से ज्यादा धूप में लाइन लगाकर खड़ा रहना पड़ता है।
बताते चलें कि रसोई गैस की किल्लत के चलते उपभोक्ता, गैस एजेन्सी का चक्कर काट रहे हैं। गैस वितरण केंद्रों पर केवाईसी (KYC) और ओटीपी (OTP) की अनिवार्यता ने आम लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जिनका केवाईसी पूरा नही हुआ है, उन्हें काउंटर तक पहुंचने के बाद बताया जाता है कि गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इससे लोगों में आक्रोश और निराशा दोनों देखने को मिल रहा है।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कनेक्शन परिवार के अन्य सदस्य के नाम पर है जो या तो बाहर रहते हैं या शारीरिक रूप से उपस्थित नही हो सकते हैं। ऐसे में केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा करना, उनके लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने सप्ताह भर पहले गैस बुक कराया था परंतु अभी तक सिलेंडर की डिलीवरी नही हो पाई है। किसी किसी का तो बिना गैस की डिलीवरी हुए ही डिलिवरी होने का मैसेज मोबाइल पर आ जाता है। एजेंसी पर फोन किए जाने पर कॉल जल्दी रिसीव नही होता और जब उपभोक्ता स्वयं पहुंचता है तो उन्हें कल आने की बात कहकर टाल दिया जाता है।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم