सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सवायन गांव में गुरुवार सुबह एक गल्ला व्यापारी का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सुरेन्द्र (40) पुत्र स्व. गनपत राजभर सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। करीब 8 बजे घर से लगभग 500 मीटर पश्चिम स्थित अमहवा तालाब के किनारे आम के पेड़ पर उनका शव लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो पत्नी रीता बेसुध हो गईं जबकि बेटा सौरभ (18) और बेटी सुहाना (15) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक 4 भाइयों में दूसरे नंबर पर था और माता-पिता के निधन के बाद पत्नी व बच्चों के साथ अलग रहकर गांव-गांव घूमकर अनाज खरीद-बिक्री का काम करता था। ग्रामीणों के अनुसार आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में आकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment