Jaunpur News : ​केराकत में दो श्रमिकों की हुई दर्दनाक मौत

केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के चौकिया शिवालय के पास उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब गैस पाइपलाइन में हुए लीकेज के ठीक करने के कार्य में जुटे श्रमिकों पर अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गयी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक श्रमिक बाल-बाल बच निकला। मृतकों की पहचान बिहार प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी प्रिंस कुमार 20 वर्ष और निरंजन महतो 32 वर्ष के रूप में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गहरी खाई में सीएनजी पाइपलाइन के लीकेज को जोड़ने का काम 3 श्रमिकों द्वारा किया जा रहा था। कार्य के दौरान ऊपर जमा की गयी मिट्टी अचानक खिसकने लगी। मिट्टी को खिसकता देख जब तक लोग बाहर निकलते कि दो श्रमिक उसकी चपेट में आ गये जबकि तीसरा श्रमिक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। बाहर निकला श्रमिक शोर मचाने लगा जिसको सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी जहां किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।


घण्टों मशक्कत के बाद निकाला गया शव
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब दो घण्टे में दोनों श्रमिकों को मलबे से बाहर निकाल सामुदायिक केन्द्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कम्प मचा हुआ है।

आरोप: सुरक्षा के पर्याप्त नहीं थे इंतजाम
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक अजीत रजक ने बताया कि फायर ब्रिगेड के रेस्क्यू टीम द्वारा मलबे में दबे श्रमिकों को निकाला गया। साथ ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उपर्युक्त प्रकरण के संदर्भ में जांच कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी।

Uploaded Image

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم