Trending

Jaunpur News : ​एलआईसी शाहगंज शाखा का उत्कृष्ट प्रदर्शन, 24 घण्टे में दावा निपटान कर पेश की मिसाल

टीम संचार सेतु
राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की शाहगंज शाखा ने दावा निपटान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करते हुए एक नई मिसाल कायम की है। शाखा के दावा विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर मृत्यु दावा का भुगतान कर ग्राहकों के बीच भरोसे को और मजबूत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतासराय निवासी व्यवसायी स्वर्गीय सुरता देवी पत्नी अवध नारायण का दो माह पूर्व हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। उनके नाम पर 13 वर्ष पूर्व 1 लाख रुपये का जीवन बीमा लिया गया था जिसकी परिपक्वता में अभी दो वर्ष शेष थे।
मृत्यु के बाद वरिष्ठ बीमा सलाहकार संजय सिंह ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर 21 अप्रैल को शाखा के दावा विभाग में जमा किए।
दावा विभाग के प्रमुख इरशाद आलम ने प्रपत्रों की त्वरित जांच कर निर्णय लिया और महज 24 घंटे के भीतर वारिस के खाते में बोनस सहित पूरी बीमा राशि हस्तांतरित कर दी। सामान्यतः मृत्यु दावा निपटान में 15 से 30 दिन का समय लग जाता है, ऐसे में यह त्वरित कार्रवाई एक उदाहरण बन गई है।
शाखा प्रबंधक अरविंद राय ने बताया कि ग्राहकों को शीघ्र और संतोषजनक सेवा देना ही शाखा की प्राथमिकता है जिसे सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में शाखा ने मंडल स्तर पर निर्धारित सभी लक्ष्यों को समय से पहले पूरा कर प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि जोन स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।
इस सफलता का श्रेय शाखा प्रबंधक ने फील्ड फोर्स, अभिकर्ताओं एवं विकास अधिकारियों की मेहनत और समर्पण को दिया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए दावा विभाग के प्रमुख इरशाद आलम एवं उनके सहयोगी सरजू राम को बधाई दी। वहीं वारिसों ने एलआईसी पर अटूट विश्वास जताते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!