तेज रफ्तार ट्रक ने टैंपो में मारी टक्कर, होमगार्ड सहित 3 की मौत व 3 घायल। Sanchar Setu




प्रयागराज मार्ग पर सतहरिया में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

होमगार्ड सहित तीन की मौत।
(मयंक श्रीवास्तव/हुसैन)
जौनपुर। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। 
हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में मुंगराबादशाहपुर थाने में तैनात होमगार्ड प्रमोद मिश्रा भी शामिल हैं, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग अवरुद्ध होने के साथ साथ अफरा-तफरी का माहौल रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ऑटो मुंगरा बादशाहपुर सवारियां लेकर आ रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने पुलिस बल के साथ राहत कार्य शुरू किया। किसी तरह ऑटो में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया।चिकित्सकों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र 53 वर्ष निवासी सोहसा, थाना मुंगरा बादशाहपुर, शिव शंकर शर्मा 53 वर्ष निवासी धौरहरा, थाना मुंगरा बादशाहपुर और बरसाती 42 वर्ष निवासी गंगापुर, थाना मछलीशहर के रूप में हुई है।वहीं, राकेश बिंद 32 वर्ष निवासी नंदापुर, मछलीशहर , प्रणव पाण्डेय 19 वर्ष निवासी धौरहरा मुंगरा बादशाहपुर और अजीत यादव 36 वर्ष निवासी कटाहित खास, मछ्लीशहर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने प्रणव पाण्डेय और अजीत यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल में डटे हुए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया जाएगा। यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।






0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم