Jaunpur : ​शाही किले में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारम्भ

जौनपुर। मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उ०प्र०/प्रभारी मंत्री जौनपुर ए० के० शर्मा की उपस्थिति में ऐतिहासिक शाही किले में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से ओत-प्रोत हो गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार लगभग 623 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ जिसमें 11 मुस्लिम जोड़ो का विवाह सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत किया। प्रभारी मंत्री ए0के0 शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह, नगर पलिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना किया।
महोत्सव 24 से 26 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। प्रथम दिवस के आयोजन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान के साथ विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को संपन्न कराने में सहयोग प्रदान किया गया।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज सामूहिक विवाह कार्यक्रम किया गया। मुख्यमंत्री जी द्वारा संचालित यह योजना विशेष रूप से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को रु0 1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
इसी क्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गरीब एवं असहाय परिवारों के बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है। ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता एवं भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि यह महोत्सव जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं जिससे प्रतिभागियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग को सम्मानजनक सहयोग प्रदान किया जा रहा है जो शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारीगण एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post