Jaunpur : ​साड़ से टक्कर में हुई मौत के बाद शासन की मदद से मिला सहारा

जौनपुर। जनपद के बदलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम छंगापुर निवासी स्व० राजेन्द्र प्रसाद की दर्दनाक मृत्यु के बाद शासन की ओर से उनकी पत्नी मीरा नाविक को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत रुपये 4 लाख की अनुग्रह राशि के रूप में दी गई है।
बता दें कि बीते 12 अगस्त 2024 को राजेन्द्र प्रसाद अपनी पत्नी मीरा नाविक के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक छुट्टा साड़ से टक्कर हो जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गये जिनकी बाद में उनकी मृत्यु हो गयी। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को शासन की योजना के तहत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। उक्त प्रकरण उच्च न्यायालय इलाहाबाद तक भी पहुंचा। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र द्वारा नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत के अनुपालन में मामले का परीक्षण करते हुए यह पाया गया कि शासनादेश में वर्णित उपबंधों के अनुसार सांड एवं नीलगाय के आघात से हुई मृत्यु राज्य आपदा के अन्तर्गत आती है जिस पर आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने का प्रावधान है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण कर उपजिलाधिकारी बदलापुर और तहसीलदार के माध्यम से कार्यवाही पूर्ण की गयी। 9 मार्च को मृतक की विधिक वारिस पत्नी मीरा नायक के खाते में रु0 4 लाख की अनुग्रह राशि अंतरित कर दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह प्रकरण बेहद संवेदनशील होने के साथ ही अन्य प्रकरण से भिन्न था जिस पर तत्काल संज्ञान लिया गया और उच्च न्यायालय के आदेशानुसार पीड़ित परिवारजन को सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है।
इस सहायता से पीड़ित परिवार को कठिन समय में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाता रहेगा। सहायता राशि मिलने पर मीरा नायक ने शासन—प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم