Jaunpur : ​श्रीराम का मनाया गया भव्य जन्मोत्सव

जौनपुर। नगर के परमानपुर में स्थित मां शारदा शक्तिपीठ मैहर माता मंदिर के प्रांगण में राम दरबार को आकर्षक एयर गुम्बरों से भव्य रूप से सजाया गया। नवरात्रि के अंतिम दिवस पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और माँ शारदा और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मां शारदा श्रृंगार और पूजा के पश्चात 12 बजे दिन में रामनवमी पर श्रीराम जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की सजावट से सजाकर भक्तिमय वातावरण तैयार किया गया।
भक्तों ने बड़े ही भावपूर्वक माँ शारदा और भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में धार्मिक उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस दौरान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी को नये वस्त्र और सुगंधित पुष्पमालाओं से भव्य रूप में सजाया गया। राम दरबार की सजावट इतनी मनमोहक थी कि श्रद्धालु उसकी छटा देखकर मंत्र—मुग्ध हो उठे। देव विग्रहों पर विशेष श्रृंगार कर उन्हें दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया। भक्तों ने विधिवत पूजन कर प्रभु से सुख-समृद्धि की कामना किया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा की अलौकिक अनुभूति हो रही थी। श्रृंगार के बाद आरती और दर्शन का क्रम निरंतर चलता रहा। भगवान का अभिषेक दूध, दही, शहद और चरणामृत से वैदिक विधि-विधान के साथ किया गया। पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के बीच पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया। इसके बाद भगवान को विभिन्न प्रकार के फलों के साथ 51 किलो लड्डू और छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग लगने के पश्चात प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य माना।
पूरे आयोजन में धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया। श्रीराम जन्मोत्सव पर रविकांत जायसवाल ने अपनी पत्नी के साथ संकल्प लेकर विशेष पूजन किया। उन्होंने पंचामृत से भगवान शालिग्राम एवं पीतल की विग्रह का स्नान कराकर पूजा-अर्चना संपन्न किया। इस दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज के साथ पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
प्रधान ट्रस्टी सत्य प्रकाश एडवोकेट मुंबई हाईकोर्ट द्वारा विधिवत आरती की गई। श्रद्धालुओं ने भी इस पावन क्षण में भाग लेकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का विशेष वातावरण बना रहा। इस दौरान भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन एवं सोहर गाकर भगवान राम के जन्मोत्सव का उल्लास मनाया गया। भक्तजन भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हुए नजर आए। पूरे परिसर में भक्ति संगीत की मधुर ध्वनि गूंजती रही।
इस अवसर पर प्रो. अजय दुबे, डॉ. शेखर गुप्ता, अजय जायसवाल, सुशील जायसवाल, नितिन जायसवाल, विनीत जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर प्रबंधक रोहित जायसवाल सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रकार यह भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post