राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम जैगहां में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोमिश पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम सीधा जैगहां के रूप में हुई है। वह अपने चचेरे भाई परंकुल के साथ बाइक से बाजार गया था जहां दोनों ने चाउमीन खाई और वापस गांव लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के मोड़ पर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोमिश गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसका चचेरा भाई भी मामूली रूप से चोटिल हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रोमिश को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता राजेंद्र रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहकर काम करते है। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है जबकि एक छोटा भाई अभी अविवाहित है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना की जानकारी नहीं दिया। सूचना मिलने पर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
إرسال تعليق