Trending

Jaunpur : पुरानी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने घर पर चढ़कर बोला हमला

टीम संचार सेतु

चौकियां धाम, जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर मोहल्ले में रविवार की सुबह मनबढ़ों ने लाठी, डंडे आदि से सावन मौर्य की निर्मम पिटाई कर मरणासन्न कर दिया। साथ ही घर—परिवार के ही धीरज मौर्य, नीरज मौर्य पुत्रगण साहब लाल मौर्य, अम्बरीश मौर्य पुत्र कैलाश मौर्य व किरन देवी पत्नी जय सिंह मौर्य को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सावन को मरणासन्न गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं घटना से आक्रोशित घायलों के स्वजन व मोहल्ले के सैकड़ों लोग क्षेत्र के शीतला चौकिया क्षेत्र में स्थित घन्नेपुर चौराहा मार्ग पर आ गये। घायलों को लिटाकर लोहे की पाइप लगाकर चक्काजाम कर दिया। पीड़ित आरोपितों की गिरफ्तारी व कड़ी कार्यवाही की मांग करने लगे। घटना में पुलिस पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुये पुलिस प्रशासन के खिलाफ़ नारे भी लगाये।
मौके पर पहुंचे लाइन बाजार थानाध्यक्ष सहित, नगर कोतवाली, सरायख़्वाजा व गौराबादशाहपुर थाने की फ़ोर्स, पीआरवी 112 आदि उपस्थित रही। सूचना लगते ही एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव भी मौके पर पहुँच गये। किसी तरह कार्यवाही का आश्वासन देकर समझा—बुझाकर जाम समाप्त कराया गया। लगभग ढाई घंटे तक घन्नेपुर चौराहा पर चक्काजाम रहा। इस दौरान शाहगंज हाइवे व शीतला चौकिया से जौनपुर जंक्शन मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे जिन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी लेते हुये दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके बाद राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिये। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश देते हुये डीएम-एसपी को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने को कहा।
घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। गम्भीर रूप से घायल सावन की माता किरन देवी का कहना है कि रविवार सुबह मनबढ़ लोग उसके पुत्र को घर से बुलाकर ले गये। इसके बाद लाठी, डंडे आदि से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिये। सूचना लगने पर घर—परिवार के ही धीरज, नीरज, अम्बरीश आदि मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया। स्वजनों का आरोप है कि मनबढ़ इसके पूर्व कई बार हमला कर चुके हैं लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस उचित कार्यवाही नहीं किया जिससे मनबढ़ों का हौंसला बुलन्द होता चला गया। परिणामस्वरूप रविवार की सुबह मनबढ़ों ने बेरहमी से मारपीट कर सभी को घायल कर दिया।

एसपी सिटी ने क्या कहा
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव आईपीएस ने कहा कि आरोपित सभासद कैलेंदर बिन्द एडवोकेट, मुलेंदर बिन्द, धर्मेन्द्र बिन्द, राजन बिन्द सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। निष्पक्ष व कठोर कार्यवाही की जायेगी। घटना की जांच के लिये 5 टीम भी गठित कर ली गयी है। साथ ही पूछताछ के लिये 5 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है जबकि मुख्य सहित अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

आधा दर्जन घायलों में एक की हालत नाजुक, वाराणसी रेफर
परिजनों के अनुसार इस वारदात में सावन 25 वर्ष गम्भीर रूप से घायल हो गया है जिसे बेहतर उपचार के लिये वाराणसी रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा नीरज मौर्य उर्फ मुन्नू 40 वर्ष, धीरज मौर्य 35 वर्ष, किरण 45 वर्ष और प्रेम देवी 70 वर्ष घायल घायल हुये हैं जिन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!