Trending

Jaunpur : ​प्रेम प्रपंच में हुई डा. सुनील की मौत, प्रेमिका गिरफ्तार

टीम संचार सेतु

राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बरजी गांव में 16 जनवरी को डिपेंसरी संचालक की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत आत्महत्या से होना प्रमाणित हुई है। पुलिस ने इस मामले में प्रेम प्रपंच की पुष्टि करते हुए मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बरजी गांव निवासी डिपेंसरी संचालक सुनील राजभर (30) पुत्र सुरेश का शव 16 जनवरी को घर के गेट के पिलर से फंदे पर लटकता मिला था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण हत्या और आत्महत्या के बीच गुत्थी उलझी हुई थी। पुलिस ने गहन जांच के बाद बताया कि मृतक का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी। महिला शादी के लिए दबाव बना रही थी जबकि सुनील पारिवारिक समस्याओं, आगे की पढ़ाई और आर्थिक तंगी का हवाला देकर उसे टाल रहा था तथा कुछ समय इंतजार करने की बात कह रहा था।
पुलिस के अनुसार 16 जनवरी की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर सुनील ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद महिला ने अपना मोबाइल फोन फॉर्मेट कर दिया था। हालांकि पुलिस की तकनीकी टीम ने मोबाइल का डेटा रिकवर कर लिया जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!