जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र के निर्देशन में तहसील मछलीशहर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस नामित मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका एवं विकास विभागों से संबंधित प्राप्त हुईं। मुख्य राजस्व अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाय।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अपराह्न् 1 बजे तक लेखपाल सर्किल कोड़ाऊ राजपति सरोज की अनुपस्थिति पाई गई। उक्त लेखपाल से दूरभाष के माध्यम से वार्ता की गई। उन्होंने बताया कि वह फार्मर रजिस्ट्री के कार्य कर रहा है। जांच करने पर पता चला कि उक्त लेखपाल ने न तहसील में उपस्थिति दर्ज की थी और न ही फार्मर रजिस्ट्री का कोई कार्य किया था। इस गंभीर लापरवाही एवं शासनादेशों की अवहेलना को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने संबंधित लेखपाल के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु तहसीलदार एवं उपजिलाधिकारी मछलीशहर को निर्देशित किया।उन्होंने सभी राजस्व निरीक्षकों के कार्यों की भी समीक्षा करते हुये कहा कि राजस्व निरीक्षकों द्वारा अपने अधीनस्थ लेखपालों पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं रखा जा रहा है और न ही उनके कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकांश राजस्व निरीक्षक यह बताने में असमर्थ रहे कि उनके क्षेत्र में प्रत्येक लेखपाल द्वारा प्रतिदिन कितनी फार्मर रजिस्ट्री की प्रविष्टियाँ की जा रही हैं।
इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने तहसीलदार मछलीशहर को निर्देशित किया कि सभी राजस्व निरीक्षकों को सचेत किया जाय तथा प्रतिदिन सायं 6 बजे तक फार्मर रजिस्ट्री कार्य की दैनिक समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। फार्मर रजिस्ट्री कार्य में गति लाने हेतु सभी स्तरों पर जवाबदेही तय की जाए, ताकि शासन की मंशानुरूप कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
साथ ही समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़ियाहॅू में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयबर चौहान की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुनते हुए समस्याओं का निस्तारण किया गया।शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को ससमय निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
إرسال تعليق