Jaunpur News : ​एसडी पब्लिक स्कूल के विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाया हुनर

शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर से सटे घाटमपुर स्थित एस.डी. पब्लिक स्कूल में सोमवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपने विज्ञान ज्ञान, रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना रहा।
विद्यालय के प्रबंधक डा. जे.पी. दुबे ने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए कहा कि "बच्चों में वैज्ञानिक सोच तभी विकसित होगी जब उन्हें प्रयोग और नवाचार का अवसर मिलेगा। विद्यालय का उद्देश्य यही है कि हर बच्चा विज्ञान को जीवन का हिस्सा बनाये।" इस अवसर पर प्रधानाचार्य कमलेश कुमार, शिक्षक विकास कुमार, विज्ञान अध्यापिका श्वेता शर्मा तथा समस्त अध्यापक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
इस दौरान श्वेता शर्मा ने कहा कि "आज का युग विज्ञान का युग है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने विश्व स्तर पर भारत की पहचान बनाई है। विद्यालय स्तर पर ऐसी गतिविधियाँ ही आने वाले समय के वैज्ञानिक तैयार करती हैं।"
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विविध विषयों पर आकर्षक मॉडल्स प्रदर्शित किए। भूमिका–महक ग्रुप ने फूलों के भाग एवं परागण प्रक्रिया पर कार्य प्रस्तुत किया।
उत्कर्ष ग्रुप ने अंडे की संरचना को मॉडल के रूप में दिखाया। अंकिता ग्रुप ने श्वसन तंत्र और शाक्य परिवर्तन का नियम का प्रदर्शन किया। वहीं वैष्णवी शर्मा ने पौधे की संरचना पर प्रभावशाली मॉडल बनाकर दर्शकों को प्रभावित किया।
विद्यालय की अंग्रेजी प्रवक्ता शिवानी पाण्डेय ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि "छात्रों को केवल पाठ्य ज्ञान ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में निपुणता हासिल करनी चाहिए। यही उनके सर्वांगीण विकास की वास्तविक दिशा है।" पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह और उनकी जिज्ञासा देखने लायक थी। प्रदर्शनी के दौरान अभिभावक और शिक्षक दोनों ही बच्चों की रचनात्मकता और विज्ञान के प्रति उनकी लगन से प्रभावित नजर आये।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post