Trending

Jaunpur News : ​अनुशासन और आत्मविश्वास के लिये खेल जरूरीः कुलपति

टीम संचार सेतु

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन के अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है जिस प्रकार खिलाड़ी मैदान में संघर्ष कर विजय प्राप्त करते हैं, उसी प्रकार हमें जीवन की चुनौतियों का सामना साहस और संयम के साथ करना चाहिए। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना भी है और खेल इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की स्मृति में यह आयोजन हमें खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता है। इसके बाद सद्भावना दौड़ रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया। आयोजन में उप कुल सचिव अमृतलाल, सहायक कुलसचिव मुस्ताक अहमद एवं सरला यादव, अध्यक्ष कर्मचारी संघ नंद किशोर सिंह, महामंत्री रमेश यादव, रजनीश सिंह, सत्येंद्र सिंह, दूधनाथ यादव, भानु प्रताप शर्मा, सिकंदर एवं पंधारी यादव सहित कोच विजय प्रकाश व अलका उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!