Jaunpur News : ​जौनपुर के पंकज तिवारी को मिलेगा साहित्य एवं कला क्षेत्र का सर्वोत्तम पुरस्कार

जौनपुर। कवि, कलाकार एवं कला समीक्षक पंकज तिवारी को साहित्य एवं कला के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सन 2025 का 'सर्वोत्तम सम्मान' प्रदान करने का फैसला किया गया है। यह सम्मान 'गऊ भारत भारती' की ओर से दिया जा रहा है। श्री तिवारी पिछले 20 वर्षों से कला एवं साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इनका जन्म उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर में हुआ था। पंकज तिवारी के रचनाओं में गाँव है। संस्कार, संस्कृतियों का विशाल फलक है, जीवन और मृत्यु के बीच का पूरा संसार है। रहस्यमय जीवन, संघर्षमय जीवन, खुशहाल जीवन, अच्छाइयाँ-बुराइयाँ सभी कुछ है जो निरंतर अलग-अलग कृतियों में प्रवाहित है, सही-गलत, अच्छा-बुरा, सुबह-शाम जैसे भावों को पटल पर रखने वाले कलाकार पंकज तिवारी के अधिकतर कृतियों का शीर्षक भी हाफ लाइफ इन्हीं सब गुणों को देखकर रखा जाता जान पड़ता है। जन्म से लेकर मृत्यु तक का पूरा सफर इनके कृतियों में नजर आ जाता है।
अधिकतर गहरे रंगों का प्रयोग इनकी विशेषता है परंतु उससे भी बड़ी विशेषता उसी गहरे में से झांकते अंजोर को आतुर प्रकाश का भी प्रयोग है। गहरी, घनेरी और डरावनी रात के बाद सुबह की जो उम्मीद है वो इनके कृतियों में भी साथ झलकती है। बनारस और शक्तिनगर से कलाशिक्षा प्राप्त पंकज आजकल दिल्ली में ही अपने सृजनशीलता के साथ रमे हुए हैं। चित्रों के साथ पंकज कहानी, कविता, कला समीक्षा, फिल्म समीक्षा भी लिखते रहते हैं। गाँव पर आधारित परिवेश को लेकर मुंबई के यशोभूमि और सामना में इनका स्तम्भ भी प्रकाशित होता रहता है जो बहुत ही प्रसिद्ध है। इनके लेखन में भी गांव ही बसता है। भाषा शैली गजब की होती है। छोटी उम्र से ही रचना धर्मिता के तरफ इनका झुकाव हो गया था। 11वीं कक्षा में ही इन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी से प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त हो चुका है। इसके बाद से तो इनके सपनों में जैसे पंख से लग गए हों और निरंतर सृजनात्मक कार्यों में संलग्न रहने लगे।
राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ सहित गाजीपुर, बनारस, जयपुर, कानपुर के अलावा तमाम छोटी-बड़ी प्रदर्शनियों में इनके चित्र प्रदर्शित होते रहे हैं। राष्ट्रीय ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित पुराना किला पर भी कैम्प में इनकी सहभागिता रह चुकी है। एस.सी.ई.आर.टी. नई दिल्ली के तरफ से आयोजित रंग-तरंग कैंप में भी पंकज की सहभागिता होती रही है। आइफेक्स में भी इनका वर्क प्रदर्शित हो चुका है। अभी हाल ही में 'एसंउ लाग बाटइ महाकुम्भ अइया' गीत बहुत ही पसंद किया गया‌। गीत शुद्ध अवधी में लिखा हुआ है। इसी सावन में इनके द्वारा लिखित गीत 'जै जै महाकाल' जिसे देवव्रत झा जी ने गाया है, लोगों द्वारा बहुत ही पसंद किया जा रहा है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post