Jaunpur : ​कुष्ठ के प्रति जागरूकता की अलख जगा रहे प्रधान

  • 13 फरवरी तक चलाया जा रहा है अभियान
जौनपुर। जनपद में 30 जनवरी से 13 फरवरी तक कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते गांवों में प्रधान जागरूकता संदेश पढ़ रहे हैं जिससे समाज में कुष्ठ के प्रति जागरूकता आए और कुष्ठ के प्रति गलत धारणा पर रोक लग सके। इसके साथ ही कठपुतली शो के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि इस संदेश के माध्यम से यह बताने की कोशिश हो रही है कि कुष्ठ एक आम बीमारी है जो कि बैक्टीरिया के कारण होती है। इसकी शुरुआत में त्वचा पर सफेद दाग होता है जिसमें सुन्नपन होता है। इसमें खुजली या दर्द नहीं होता है। शुरुआती दौर में ही यदि इलाज करा दिया जाए तो इसके दुष्परिणाम और विकलांगता से बचा जा सकता है। यह दवा से बिल्कुल ठीक हो जाने वाली बीमारी है। यह कोई अभिशाप, पाप या बुरे कर्म का नतीजा नहीं है। न ही जन्मजात या वंशानुगत बीमारी है। इसकी दवा सभी सरकारी अस्पतालों में निः शुल्क उपलब्ध है।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान के तहत ही धर्मापुर, करंजाकला सहित सभी ब्लाकों के गांवों में प्रधान, आशा कार्यकर्ता और आशा संगिनी के सहयोग से यह संदेश पढ़ कर जागरूकता फैला रहे हैं। इस समय जनपद में 116 कुष्ठ रोगी उपचाराधीन हैं। इनमें से ज्यादातर एमबी (मल्टी बेसिलियरी) के रोगी हैं। इससे यह निष्कर्ष निकलता है कि लोग देर हो जाने पर डाक्टर से सम्पर्क करते हैं। शुरुआती लक्षण नजर अंदाज कर देते हैं। एमबी के मामलों में विकलांगता होने की संभावना बढ़ जाती है। अतः लोगों से अपील है कि शुरुआती दौर में ही जांच करा लें तो विकलांगता से बच जाएंगे। यह छुआछूत के कारण होने वाली बीमारी नहीं है। सफेद दाग कुष्ठ रोग नहीं है।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم