श्री कृष्ण-सुदामा प्रसंग सुनकर भाव—विभोर हुये श्रद्धालुगण
प्रसाद वितरण के साथ 7 दिवसीय भागवत कथा सम्पन्न
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड के जूड़ापुर गांव में आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का समापन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। समापन दिवस पर कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा व्यास डॉ. विजय प्रकाश शुक्ल ने श्रीकृष्ण-सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित की कथा तथा श्रीमद्भागवत महात्म्य का भावपूर्ण वर्णन करके श्रोताओं को भाव—विभोर कर दिया।
श्रीकृष्ण-सुदामा प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि जहां सच्चा प्रेम और समर्पण है, वहीं भगवान विराजते हैं, सच्ची मित्रता में धन-दौलत और ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं होता। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने निर्धन मित्र सुदामा का जिस आत्मीयता और प्रेम से स्वागत किया, वह मित्र धर्म की अनुपम मिसाल है। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। देखि सुदामा की दीन दशा, करुणा करि कै करुणानिधि रोये। पानी परात को हाथ
छुयो नहिं, नैनन के जल से धोये की भावपूर्ण व्याख्या ने कथा स्थल को भक्तिमय बना दिया।
राजा परीक्षित की कथा सुनाते हुए डॉ. शुक्ल ने बताया कि ऋषि श्रृंगी के श्राप के कारण राजा परीक्षित को सातवें दिन तक्षक नाग के डसने से मृत्यु प्राप्त हुई। वहीं भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण, मनन और चिंतन मनुष्य को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इससे जीव में भक्ति, सद्भाव और वैराग्य की भावना जागृत होती है तथा ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है।
कथा प्रारंभ होने से पहले मुख्य यजमान देव प्रताप सिंह ने विधि-विधान से देव पूजन किया। समापन पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में इन्द्र प्रताप सिंह, अभिषेक सिंह, विवेक सिंह, शिवम सिंह, शुभम सिंह, सत्यम सिंह सहित संयोजक मंडल के सदस्य सक्रिय रहे।
