Trending

Jaunpur News : दिव्यांग बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, बीएसए समीर ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए किया रवाना

Naya Savera Network

150 दिव्यांग बच्चों ने किया सारनाथ सहित ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण, बीएसए ने शिक्षा के साथ अनुभवात्मक सीखने को बताया महत्वपूर्ण

जौनपुर, 21 नवंबर। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परिवेश से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा योजना के तहत शनिवार को एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर 150 दिव्यांग बच्चों के दल को जनपद वाराणसी के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर बीएसए समीर ने दिव्यांग बच्चों के लिए इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उनके उत्साहवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को व्यवहारिक अनुभवों, सामाजिक सहभागिता और अपने आसपास के परिवेश से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। ऐसे भ्रमण से बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, आत्मनिर्भरता और नई चीजें सीखने की भावना विकसित होती है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दिव्यांग बच्चे प्रतिभा और क्षमताओं के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उन्हें उचित अवसर, सहयोग और प्रोत्साहन मिले तो वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। समावेशी शिक्षा की भावना के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

तीन बसों के माध्यम से बच्चों को वाराणसी के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल सारनाथ तथा उसके आसपास के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को ऐतिहासिक धरोहरों, भारतीय संस्कृति और विरासत से परिचित होने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान बच्चों की देखरेख एवं मार्गदर्शन के लिए संबंधित विकासखंडों के स्पेशल एजुकेटर तथा जिला समन्वयक समेकित शिक्षा की जिम्मेदारी निर्धारित की गई।

इस एक्सपोजर विजिट में नगर क्षेत्र, करंजाकला, धर्मापुर, बक्शा, सिरकोनी, जलालपुर, डोभी, मुफ्तीगंज, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, सुजानगंज, बरसठी, रामपुर, रामनगर एवं मड़ियाहूं विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया।

इस पहल से दिव्यांग बच्चों को विद्यालय की नियमित पढ़ाई से अलग एक नया अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना, सामाजिक सहभागिता विकसित करना तथा उन्हें समान अवसरों के साथ मुख्यधारा से जोड़ना है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर की पहल से आयोजित यह भ्रमण दिव्यांग बच्चों के लिए सीखने, समझने और नई दुनिया देखने का यादगार अवसर बना।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!