खुटहन (जौनपुर) 22 नवंबर शाहगंज-वाया प्रयागराज मार्ग पर कोकना गांव के पास शनिवार रात करीब दस बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सीएससी ले गयी। जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से बाइक और साइकिल पुलिस थाने ले गई।
नकबी गांव निवासी 50 वर्षीय बाबूराम प्रजापति पिलकिछा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने ठेले पर नाश्ता-पानी की दुकान चलाते थे। रात में दुकान बंद कर वह साइकिल से घर लौट रहे थे। कोकना गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी रेखा के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है। बेटा पांच संतानों में सबसे छोटा है। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक के भाई काशी प्रजापति की तहरीर पर बाइक चालक शेरा पट्टी गांव निवासी रोशन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
