Trending

Jaunpur News : विधि-विधान से पूजे गए कलम-दवात के देवता भगवान चित्रगुप्त

Naya Savera Network

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में चित्रगुप्त मंदिर रूहट्टा में हुआ भव्य पूजन, हवन और आरती; कायस्थ समाज ने लिया सहभागिता का संकल्प

जौनपुर। लेखनी, ज्ञान, न्याय और कर्म के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त महाराज का पूजनोत्सव बुधवार को नगर के चित्रगुप्त मंदिर, रूहट्टा में श्रद्धा, भक्ति और पूरे विधि-विधान के साथ मनाया गया। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के स्वजातीय बंधुओं ने सहभागिता कर भगवान चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन किया और समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
दीपावली के पश्चात कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की यम द्वितीया को मनाए जाने वाले इस पर्व पर उदया तिथि के अनुसार बुधवार को कायस्थ समाज के लोगों ने पारंपरिक सनातन विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान चित्रगुप्त महाराज का हवन-पूजन किया। इसके पश्चात भगवान की भव्य आरती उतारी गई। मंदिर परिसर भगवान चित्रगुप्त के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश महासचिव एवं जिलाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने उपस्थित स्वजातीय बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान चित्रगुप्त ब्रह्मा जी के मानस पुत्र और कायस्थ समाज के आराध्य देव हैं। वे केवल किसी एक जाति या बिरादरी के देवता नहीं, बल्कि संसार के समस्त लेखनीधारियों के आराध्य हैं। जिन लोगों ने भी अपने जीवन में कलम को साधन बनाया है, विशेषकर न्यायिक क्षेत्र, वकालत, लेखा-जोखा, अकाउंटेंसी और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े लोग भगवान चित्रगुप्त की आराधना करते हैं। आज के आधुनिक युग में कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए भी उनका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त ज्ञान, विवेक और न्याय के प्रतीक हैं, इसलिए सभी को उनके पूजनोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
वरिष्ठ संरक्षक डॉ. इंद्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त कायस्थ समाज के कुलदेवता हैं। कायस्थ समाज की विभिन्न शाखाएं और उपनाम उनकी संतति से जुड़े माने जाते हैं। इनमें गौड़, माथुर, भटनागर, अस्थाना, श्रीवास्तव, अम्बष्ठ, निगम, कुलश्रेष्ठ, सिन्हा, खरे, सक्सेना और कर्ण प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें सत्य, न्याय, सदाचार, ज्ञान और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों की विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कायस्थ बंधुओं ने भगवान चित्रगुप्त के चरणों में शीश नवाकर समाज की एकता, संगठन की मजबूती और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्याम रतन श्रीवास्तव, दयाशंकर निगम, जय आनंद, शशि श्रीवास्तव गुड्डू, सुरेश अस्थाना, राकेश श्रीवास्तव साधु, प्रदीप श्रीवास्तव डीओ, अखिलेश श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव एडवोकेट, अंजनी श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, राजन वर्मा, सरोज श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव वेस्टीज, विजय श्रीवास्तव, प्रमोद श्रीवास्तव दादा, रितेश श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव हैप्पी सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला महासचिव संजय अस्थाना पत्रकार ने किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!