Trending

Jaunpur News : एम. एच. कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

Naya Savera Network

डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर शिक्षकों के योगदान को किया नमन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

जफराबाद। जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नासही स्थित एम. एच. कॉन्वेंट स्कूल के प्रांगण में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक इज़हार हुसैन एवं प्रधानाचार्या निशि आब्दी ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक इज़हार हुसैन ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति रहे। विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझा और ज्ञान के बल पर देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया। उनका जीवन अनुशासन, लगन, संघर्ष और उच्च नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

प्रधानाचार्या निशि आब्दी ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही बच्चे जिम्मेदार नागरिक बनकर देश और समाज के विकास में योगदान देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान और आदर का भाव रखने तथा उनके दिखाए सन्मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना, प्रेरक भाषण और लघु नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंध और शिक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में धीरज भारद्वाज, जितेंद्र प्रताप सिंह, प्रियंका यादव, स्वाति मौर्य, पूजा साहू, आफरीन बानो, नरगिस बानो, रूबी, रिंकी, पलक मोदनवाल, मुलफा, जैनब, श्रेया श्रीवास्तव, आकाश यादव, जौहर, वाहिद अंसारी सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।

समारोह के समापन पर प्रबंधक इज़हार हुसैन ने विद्यालय के सभी शिक्षकों के समर्पण एवं परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!