Trending

Jaunpur News : कला उत्सव में टीडी इंटर कॉलेज का दबदबा, सभी नौ विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान

Naya Savera Network

जौनपुर। जनपद स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन तिलकधारी इंटर कॉलेज के मारकंडेय सिंह सभाकक्ष में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में जनपद के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में तिलकधारी सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदयालगंज, इंटर कॉलेज बगथरी, राजकीय इंटर कॉलेज पचवर केराकत तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परियांवा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कला उत्सव में कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।

तिलकधारी इंटर कॉलेज की छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने सभी नौ विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का परचम पूरे जिले में लहराया। अब जनपद जौनपुर की विजेता टीम मंडल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।

एकल नृत्य शास्त्रीय विधा में प्रियांशी चौरसिया, नाटक में वैष्णवी और जान्हवी, पारंपरिक कहानी वाचन समूह में पलक सोनी और ज्ञानवी पाल, शास्त्रीय संगीत गायन में अनुराग निषाद, दृश्य कला द्वि-आयामी चित्रकला में खुशी निषाद, दृश्य कला त्रि-आयामी में रिमझिम मौर्य तथा स्वदेशी खेल-खिलौने एवं स्थानीय शिल्प में डाली मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि इस तरह की कलात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों में रचनात्मक क्षमता का विकास होता है। साथ ही उन्हें अपनी कला और कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

जिला समन्वयक समग्र शिक्षा राजन सिंह ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए मंडल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीडी इंटर कॉलेज की विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परियांवा से निधि सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज पचवर केराकत के प्रधानाचार्य डॉ. ब्रह्म प्रकाश सिंह, कला उत्सव के नोडल बसंत लाल पाल, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदयालगंज से चंद्र प्रकाश पाठक, राजेश कुमार सिंह, बद्रीनाथ सिंह, पारसनाथ, कमलेश कुमार यादव, मनोज कुमार, अमरेश राय, अंबर कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!