Trending

Jaunpur News :कबूलपुर में सफाईकर्मी की गैरहाजिरी से परेशान युवाओं ने उठाया फावड़ा, खुद की गांव की सफाई

Naya Savera Network

जफराबाद। सिरकोनी क्षेत्र के कबूलपुर गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से परेशान युवाओं ने रविवार को अनोखी पहल करते हुए खुद गांव की सफाई का जिम्मा उठा लिया। गांव में सफाईकर्मी के नियमित रूप से नहीं आने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे और नालियां चोक पड़ी थीं। गंदा पानी रास्तों पर बहने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

विकास खंड सिरकोनी की ग्राम पंचायत कबूलपुर में सफाई के लिए सफाईकर्मी की तैनाती है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी अक्सर गांव से गायब रहता है। इसके चलते नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी और गलियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ था। गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ था।

ग्रामीणों के मुताबिक सफाई व्यवस्था को लेकर प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार उपेक्षा से परेशान होकर गांव के अरसलान ने रविवार को खुद सफाई अभियान शुरू कर दिया। अरसलान को नाली साफ करते देख अमन खान, रहमान खान, शाद खान और मोहम्मद समेत अन्य ग्रामीण भी फावड़ा लेकर उनके साथ जुट गए।

युवाओं और ग्रामीणों ने मिलकर नालियों की सफाई करने के साथ रास्तों पर जमा कूड़े-कचरे को भी हटाया। सामूहिक प्रयास से देखते ही देखते गांव की गलियों और नालियों की सफाई हो गई। युवाओं की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग भी की।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!